सहरसा
दुर्गा पूजा के दौरान आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहरसा में अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को अग्निशमन विभाग के कार्यालय में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों को आग से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही मीडिया से भी आम लोगों को जागरूक करने की अपील की गई।
दुर्गा पूजा के अवसर पर सहरसा के विभिन्न पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी भी तरह की अगलगी की घटना को रोकना अग्निशमन विभाग के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। इसे देखते हुए विभाग ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी है।
प्रेस वार्ता के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पूजा पंडालों में बिजली के तारों और अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की नियमित जांच कराना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही ज्वलनशील सामग्रियों के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने और पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विभाग ने पूजा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों से अपील की कि वे पंडालों में तैनात स्वयंसेवकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दें। साथ ही आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों के बारे में भी प्रशिक्षित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना के दौरान समय रहते लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अग्निशमन विभाग ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अगलगी की घटना सामने आने पर तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
वहीं, प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों से अग्नि सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की गई। विभाग का उद्देश्य जागरूकता और सुरक्षा उपायों के जरिए दुर्गा पूजा के दौरान आग लगने की आशंका को कम करना और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।








