जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले मंगलवार को जामताड़ा में जन आक्रोश पैदल मार्च निकाला गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में निकले इस मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताते हुए इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के अनुसार, मार्च में करीब 50 हजार कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
मार्च की शुरुआत मंत्री आवास से हुई। इसके बाद जुलूस इंदिरा चौक, बीच बाजार और सुभाष चौक होते हुए महिला कॉलेज पहुंचा। रास्ते में ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान प्रशासन भी सतर्क रहा।
### एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का जुटना जनता के समर्थन और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आयोजित आक्रोश मार्च में शामिल होने के बाद जामताड़ा पहुंचे हैं। उनके अनुसार, देशभर में लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं।
मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों के मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने का खतरा है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार जनता का संवैधानिक अधिकार है और इसकी रक्षा जरूरी है।
### मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
डॉ. अंसारी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने की मांग की। मंत्री ने आरोप लगाया कि विरोध करने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अपने ऊपर पुलिस दबाव और जान को खतरा होने का भी दावा किया।
मार्च के अंत में डॉ. अंसारी ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
**संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा**






