जामताड़ा के डीएन एकेडमी में साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा स्थित डीएन एकेडमी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जामताड़ा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा तथा निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।

 

Sponsored Advertisement

### डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान

 

कार्यक्रम में साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते हैं। वे गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर इस तरह डराकर पैसे वसूलना साइबर ठगी का तरीका है। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय संबंधित एजेंसी से आधिकारिक माध्यम से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए और किसी के दबाव में पैसे नहीं भेजने चाहिए।

 

उन्होंने अनजान एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करने तथा लॉग-इन डिवाइस की नियमित जांच करने पर जोर दिया।

 

### ओटीपी और बैंक की जानकारी साझा नहीं करने की अपील

 

साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने कहा कि किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। परिचित के नाम पर पैसे मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि करनी चाहिए। साइबर इंस्पेक्टर सुशील टुडू ने साइबर अपराध की स्थिति में समय पर शिकायत दर्ज कराने के महत्व को समझाया।

 

एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ उत्तम कुमार ने कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी दी। डालसा सचिव पवन कुमार ने भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर **1930** और निःशुल्क विधिक सहायता के लिए **15100** पर संपर्क करने की अपील की गई।

 

इस अवसर पर डीएन एकेडमी के प्राचार्य प्रदीप कुमार भैया, शिक्षक जितेन पॉल, वसुंधरा सिंह, निक्की कुमारी, चांदनी सेन और सुखदेव सिंह सहित पीएलवी मौसमी मुर्मू, जगत मोहन, आर्यन अंसारी, सुमन टुडू, शिवनाथ मंडल, आनंद महतो, मेघा गुप्ता तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

**संवाददाता: शहादत अली, नारायणपुर (जामताड़ा)**

Related Posts

वैशाली के राघोपुर में नाव पलटने से बड़ा हादसा, बच्चों की मौत और कई लोगों के लापता होने की सूचना

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित रामपुर श्यामचंद में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। शुरुआती सूचनाओं के मुताबिक, हादसे…

जामताड़ा: रूपी सोरेन के निधन पर नाला में शोकसभा, झामुमो प्रखंड कमेटी ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर नाला प्रखंड में शोक की लहर है। मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नाला प्रखंड कमेटी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *