आपदा से बचाव, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और शिक्षा के महत्व के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत कोरीडीह-वन पंचायत सचिवालय में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। आपदा जोखिम न्यूनीकरण के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को विभिन्न सामाजिक विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यशाला के अंत में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, जामताड़ा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से तथा मुकुंदपुर युवा शक्ति क्लब के सहयोग से किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मेरा युवा भारत की जिला निदेशक उत्तरा विश्वास, जिला समन्वयक उदय सिंह तथा सत्यमय जयंती फाउंडेशन के सचिव राजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन शहादत अली ने किया। इसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न युवा क्लबों से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया।
### आपदा से बचाव के लिए पूर्व तैयारी जरूरी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला निदेशक उत्तरा विश्वास ने कहा कि आपदा एक अप्रत्याशित घटना है, जिससे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पहले से तैयारी करना आवश्यक है। लोगों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। साथ ही, समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना जरूरी है।
जिला समन्वयक उदय सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की जानकारी दी। वहीं, सत्यमय जयंती फाउंडेशन के सचिव राजेंद्र शर्मा ने नशामुक्ति अभियान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
### शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
शिक्षक बाल्मीकि ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नियमित रूप से पढ़ाई करने और खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पंचायत सचिवालय परिसर में अतिथियों और युवा सदस्यों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान पेड़-पौधों की रक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।
मौके पर राजस्व ग्राम प्रधान कलीम शेख, शहजाद शेख, धर्मेंद्र मंडल, पीयूष कुमार, मो. फिरोज अंसारी, आताउल शेख सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
**संवाददाता: शहादत अली, नारायणपुर (जामताड़ा)**






