बक्सर: बिहार के बक्सर में सोमवार की सुबह बक्सर-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में बालू लदे एक ट्रेलर ने सड़क पर पहले से खड़े दूसरे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर के केबिन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के कारण ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में सवार चालक तथा सहचालक अंदर ही फंस गए। सड़क पर ट्रेलर के टूटे हुए पुर्जे बिखरे पड़े थे। हादसे की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय समाजसेवी कृष्णा शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था। इसके बाद जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को हटाया गया और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के रहने वाले 25 वर्षीय रामानंद यादव, पिता रामविलास यादव, और 22 वर्षीय इंद्रजीत भारती के रूप में हुई है। दोनों बालू लदे ट्रेलर पर सवार थे। पुलिस के अनुसार, हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और दोनों शव अंदर फंसे हुए थे। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की सहायता से शवों को बाहर निकाला गया।
बक्सर-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे में दो युवकों की मौत से एक बार फिर सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता सामने आई है। फिलहाल हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई है।








