बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। यहां गीधा थाने से ऑटो लूटपाट मामले में गिरफ्तार एक आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना सोमवार की सुबह की बताई जा रही है। आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, थाने से हथकड़ी समेत आरोपी के भाग निकलने की घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र में ऑटो चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में बंधुआ गांव निवासी नीतीश कुमार भी शामिल था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस सभी आरोपियों को थाने लेकर आई थी। इसी बीच सोमवार की सुबह शौचालय जाने के दौरान नीतीश कुमार पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का फायदा उठाकर हथकड़ी समेत फरार हो गया।
आरोपी के थाने से फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले को लेकर एसडीपीओ-2 रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस इस घटना में कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार दीक्षित के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न मामलों में कार्रवाई करने के साथ ही थानों में गुंडा परेड भी करा रही है। इन प्रयासों के बीच थाने से एक आरोपी का हथकड़ी समेत फरार हो जाना पुलिस की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस नीतीश कुमार को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए जाते हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस नीतीश कुमार को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए जाते हैं।








