सुपौल में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन

सुपौल जिले के जदिया थाना में पुलिस हिरासत के दौरान 25 वर्षीय युवक बिट्टू कुमार की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतक कोरियापट्टी पूरब पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी नंदन यादव का पुत्र था। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाना के सामने स्टेट हाईवे-91 जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बिट्टू कुमार शराब के नशे में घर पर हंगामा कर रहा था। परिजनों की सूचना पर डायल-112 की टीम उसे हिरासत में लेकर जदिया थाना पहुंची और हाजत में रखा गया। पुलिस का दावा है कि बुधवार सुबह जांच के दौरान युवक हाजत में मृत पाया गया। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है।

Sponsored Advertisement

वहीं, परिजनों ने पुलिस के दावे को खारिज करते हुए हिरासत में पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक के गले पर दबाव के निशान थे और मामले को आत्महत्या का रूप देकर सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंच गए। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जा रही थी, तब परिजनों ने वाहन रोककर शव सड़क पर रख दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे थाना परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

एसपी शरथ आरएस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। :::

  • Related Posts

    बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, दो मोबाइल से 53 शिकायतों का खुलासा

    धनबाद। जिले के भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास…

    पलामू में ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

    पलामू। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और निर्वाचन…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *