औरंगाबाद जिले में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. ओबरा में बच्चे के अपहरण का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दाउदनगर थाना क्षेत्र के केशराड़ी गांव में प्रगतिशील किसान और सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, कुंदन यादव पर बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए.
हत्या से नाराज ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब सात घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. पुलिस अधिकारियों ने देर रात मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे.
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. राजद नेता और पूर्व मुखिया कुणाल प्रताप ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. वहीं पूर्व विधायक ऋषि यादव ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास, इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष विकास कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से लंबी बातचीत के बाद लोगों को शांत कराया गया.
हत्या की घटना के लगभग सात घंटे बाद बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.


