apnabiharjharkhand

शेखपुरा में डबल मर्डर से सनसनी, तालाब से बोरी में मिले दो किशोरों के शव

बिहार के Sheikhpura जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कसार थाना क्षेत्र के कसार गांव स्थित एक तालाब से दो किशोरों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब किनारे दो संदिग्ध बोरियां देखीं। पास जाने पर बदबू आने लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरी खोली तो उसमें दो किशोरों के शव मिले। मृतकों की पहचान कसार गांव निवासी 12 वर्षीय पियुष कुमार और 11 वर्षीय अंकुश कुमार के रूप में हुई। दोनों की हत्या बेहद बेरहमी से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले दोनों का गला दबाकर हत्या की गई, फिर शवों पर तेजाब डाला गया और पहचान छिपाने के लिए उन्हें बोरी में बंद कर तालाब में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई। एसपी, डीएसपी समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी है। एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि हत्या कहीं और की गई और शवों को बाद में तालाब में फेंका गया। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है और जल्द मामले के खुलासे का दावा कर रही है।

मृतक पियुष कुमार की मां तुनी देवी ने बताया कि उनका बेटा रविवार से लापता था। हाल ही में उसका मुंडन संस्कार हुआ था और शव पर वही कपड़े मिले, जो उसने उस दिन पहने थे। कमर में बंधी कौड़ी से भी उसकी पहचान हुई।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने खोजी कुत्ता बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में जिले में पांच हत्याओं के बाद शव बरामद होने से कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *