मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मधुबन दरियापुर गांव में 22 वर्षीय युवक नीतीश कुमार की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। युवक की सिर पर हथौड़े से वार कर निर्मम हत्या की गई, लेकिन मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मृतक के भाई मनीष कुमार के मोबाइल से पुलिस को फोन कर कहा गया, “मैंने ही अपने भाई को मार दिया।”
जानकारी के मुताबिक गांव में धार्मिक जागरण का आयोजन चल रहा था। नीतीश कुमार अपने छोटे भाई मनीष के साथ अस्थायी होटल लगाकर दुकान चला रहा था। सोमवार देर रात दोनों दुकान बंद कर गांव स्थित दूसरे घर में सोने चले गए। परिजनों के अनुसार रात तक सबकुछ सामान्य था।
मंगलवार सुबह पुलिस ने परिवार को हत्या की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने नीतीश को खून से लथपथ हालत में पाया। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। आनन-फानन में उसे हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस ने सिर पर हथौड़े से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि की है।
मामले को और रहस्यमय उस फोन कॉल ने बना दिया, जो मनीष कुमार के मोबाइल से किया गया था। हालांकि मृतक के भाई रौशन कुमार ने दावा किया कि मनीष का अपहरण कर दबाव में उससे फोन करवाया गया। परिजनों का आरोप है कि हत्या प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश में की गई। बताया गया कि परिवार के एक सदस्य ने गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे युवती के परिजन नाराज थे और लगातार धमकी दे रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने मनीष कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद हुआ है और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि पुलिस कॉल डिटेल, घटनास्थल के सबूत और परिजनों के आरोप समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


