apnabiharjharkhand

बेतिया और कटिहार में आग का कहर, लाखों की संपत्ति राख; एक मामले में बेटे पर घर फूंकने का आरोप

बिहार के बेतिया और कटिहार में आग लगने की दो बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया। बेतिया में जहां एक युवक पर शराब के नशे में अपने ही घर में आग लगाने का आरोप है, वहीं कटिहार में भीषण आग से चार दुकानें जलकर राख हो गईं।

बेतिया नगर थाना क्षेत्र के मित्र चौक स्थित वार्ड नंबर 14 में देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के अनुसार संजय कुमार ठाकुर नामक व्यक्ति पिछले तीन दिनों से अपनी मां से विवाद कर रहा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में घर पहुंचा और गुस्से में घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा नगद, गहने, फर्नीचर समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आरोपी की मां अनीता देवी ने बताया कि उनका बेटा शराब के नशे में घर आया था और आग लगाने के बाद फरार हो गया। वहीं दमकल कर्मियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद के दौरान आग लगाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

इधर कटिहार जिले के मनिहारी नगर पंचायत स्थित रेल गेट बाजार इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से चार दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोग बाल्टी और पाइप के सहारे आग बुझाने में जुट गए, जबकि दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

मनिहारी नगर पंचायत के उप-मुख्य पार्षद शुभम कुमार पोद्दार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन नुकसान का आंकलन करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *