नवगछिया में दवा दुकानों और फर्जी क्लिनिक पर छापेमारी, बिना लाइसेंस दवाओं का भंडारण मिला
भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में दवा दुकानों और मेडिकल प्रैक्टिशनरों के क्लिनिक पर हुई औचक छापेमारी से हड़कंप मच गया। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक स्वर्णिका की अगुवाई में छह सदस्यीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी घनश्याम पासवान तथा गोपालपुर थाना के दारोगा रसनदेव पासवान भी मौजूद रहे।
छापेमारी की सूचना मिलते ही कई दवा दुकानदारों और मेडिकल प्रैक्टिशनरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। जांच टीम ने सुकटिया बाजार स्थित मां ड्रग एजेंसी और उसके प्रोपराइटर के उसरहिया स्थित आवास पर भी छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में कुछ कमियां पाई गईं, जिनकी जांच की जा रही है।
वहीं तिरासी स्थित संजय कुमार उर्फ राजीव कुमार के क्लिनिक में बिना वैध प्रमाण पत्र के दंत रोग सहित अन्य बीमारियों का इलाज किए जाने का मामला सामने आया। टीम को क्लिनिक में बिना अनुज्ञप्ति के भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाओं का भंडारण भी मिला। इसके बाद संबंधित दवाओं को जब्त कर लिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने क्षेत्र की कई दवा दुकानों में लाइसेंस, दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेख, भंडारण व्यवस्था तथा एक्सपायरी दवाओं की भी जांच की। कई दुकानों के दस्तावेजों की जांच करते हुए संचालकों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।
जांच टीम ने दवा विक्रेताओं को बिना चिकित्सकीय परामर्श के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री नहीं करने तथा दवाओं के सुरक्षित और उचित रखरखाव की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराने और दवा कारोबार में अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिले में दवा दुकानों की नियमित जांच जारी रहेगी। जिन दुकानों में छोटी-मोटी त्रुटियां मिली हैं, उन्हें सुधार का अवसर दिया गया है, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूरे दिन चली इस कार्रवाई की चर्चा क्षेत्र में होती रही।