जामताड़ा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार



जामताड़ा: साइबर ठगी के गढ़ के रूप में कुख्यात जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। एपीके फाइल (APK File) भेजकर देशभर के लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद उपकरणों की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

मंगलवार को जामताड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि साइबर डीएसपी अमित रविदास और साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना मिली थी कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के समीप कुछ साइबर अपराधी झाड़ियों में छिपकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को विभिन्न प्रकार के लालच और झांसे देकर उनके मोबाइल पर एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, आरोपी उसके मोबाइल का पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंकिंग ऐप और अन्य संवेदनशील जानकारियों का उपयोग कर खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे। इस तरीके से गिरोह ने देश के कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाया था।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही जब्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान की जा सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जामताड़ा पुलिस 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त एपीके फाइल, लिंक या संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Posts

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *