
गोपालगंज: बिहार में शिक्षा विभाग की सख्ती और निर्देशों के बावजूद विद्यालयों में विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बघेजी का है। यहां एक छात्रा से मोबाइल नंबर मांगने के आरोप में प्रधानाध्यापक को ग्रामीणों और परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। घटना के दौरान प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एक छात्रा पर मोबाइल नंबर देने का दबाव बना रहे थे। छात्रा ने जब नंबर देने से इनकार किया तो कथित तौर पर उसे परीक्षा में अंक काटने की धमकी दी गई। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी।
इसके बाद छात्रा के परिजन और कुछ ग्रामीण विद्यालय परिसर में पहुंच गए। वहां मामले को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट की। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। गोपालगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र पांडे ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बरौली के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को 24 घंटे के भीतर मामले की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद अब जांच टीम छात्रा, उसके परिजनों, विद्यालय के शिक्षकों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी लेकर मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाएगी। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा सकती है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुसार, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, घटना के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।





