बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए मद्यनिषेध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में भागलपुर के नवगछिया में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशे के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वैन से 640 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 67 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

 

यह कार्रवाई इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के पास की गई। मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन के जरिए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही निरीक्षक दानी प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने जाह्नवी चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

 

इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखे गए 640 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

 

पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना जिले के खुसरूपुर निवासी 31 वर्षीय अरविंद बिंद के रूप में हुई है। जब अधिकारियों ने उससे कफ सिरप से संबंधित वैध कागजात की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वैन और बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया।

 

मद्यनिषेध विभाग के अनुसार, जब्त किए गए कोडिन युक्त कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख 67 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।

 

इस सफल कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक अर्जुन कुमार महतो सहित मद्यनिषेध विभाग के सिपाही और होमगार्ड के जवानों की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नशीली खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *