मद्य निषेध थाना, नवगछिया को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन जांच अभियान के दौरान नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खरीक टोल प्लाजा के समीप एक छह चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।


पुलिस द्वारा नियमित जांच के क्रम में संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक से कुल 6199.920 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹74,39,904 आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी को क्षेत्र में चल रहे शराब तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।


मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्रम महतो (29 वर्ष), पिता–विष्णुनिया महतो, निवासी–फरसरा, वार्ड संख्या 16, थाना–दालकोला, जिला–उत्तर दिनाजपुर, राज्य–पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष के निर्देश पर अवर निरीक्षक राजू कुमार (मद्य निषेध) ने किया। उनके साथ मद्य निषेध सिपाही एवं गृह रक्षक बल के जवान भी मौजूद थे। पूरी कार्रवाई सुनियोजित तरीके से की गई, जिससे तस्करों को भागने का मौका नहीं मिल सका।
अधिकारियों के अनुसार, यह शराब दूसरे राज्य से बिहार में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।


मद्य निषेध विभाग, भागलपुर द्वारा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *