सारण जिले में दूसरे दिन भी शराब कांड में छह लोगों की जान चली गयी। मकेर थाने के फुलवरिया नोनिया टोली व भाथा सोनहो में गुरुवार को सात व शुक्रवार को छह लोगों के बाद अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
बिहार के सारण जिले में दूसरे दिन भी शराब कांड में छह लोगों की जान चली गयी। मकेर थाने के फुलवरिया नोनिया टोली व भाथा सोनहो में गुरुवार को सात व शुक्रवार को छह लोगों के बाद अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। पंद्रह लोगों ने आंखों की रोशनी गंवा दी, जिसमें मृतक भी शामिल हैं। कुछ लोगों का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। मौतों की संख्या लगातार बढ़ते रहने की वजह से घटनास्थल से लेकर जिला मुख्यालय तक के अफसरों के हाथ पांव फूलने लगे। डीएम व एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस बुला कर शराब से 11 लोगों के मरने की पुष्टि की। मामले की जांच करने मद्य निषेध विभाग के आईजी अमृतराज भी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में समीक्षात्मक बैठक भी की।
शुक्रवार को मरने वालों में विश्वनाथ महतो , चन्देश्वर महतो , कामेश्वर महतो व लखन महतो शामिल हैं जो फुलवरिया भाथा नोनिया टोली के रहने वाले हैं। दो अन्य मरने वालों में सोनहो के नन्दकिशोर प्रसाद व परसा के जितेन्द्र साह शामिल हैं। नंदकिशोर प्रसाद के परिजन उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात कह रहे हैं जबकि भेल्दी सोनहो के जितेन्द्र साह की मौत के पीछे तबीयत खराब होने की चर्चा है लेकिन ग्रामीण दोनों की मौतों की वजह शराब पीना ही बता रहे हैं।
शराब से मरने की घटना के बाद इसमें संलिप्त कारोबारियों की गिरफ्तारी के खिलाफ लोगों ने सोनहो में रोड जाम कर दिया व आगजनी की। इससे आवागमन ठप रहा। पुलिस ने इस मामले में मकेर के थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा और फुलवरिया हल्का के चौकीदार मुना मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मेडिकल टीम को घटनास्थल पर लगाया गया है। पांच प्रखंडों के घरों में जीविका दीदी व आंगनबाड़ी सेविका को सर्वेक्षण के काम में लगाया गया है।
शराब कारोबारी व मुखिया पति समेत बारह गिरफ्तार
सारण पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चला कर एक कारोबारी व मुखिया पति समेत बारह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस लगभग पंद्रह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उत्पाद विभाग व पुलिस की टीम लगातार छापेमारी अभियान में जुटी हुई है। इधर पीएमसीएच में इलाजरत कई लोग जीवन व मौत से लड़ रहे हैं।घटना के बाद पुलिस के कई आलाधिकारियों का दौरा फुलवरिया नोनिया टोली में जारी है।
तीन दिनों के अंदर 15 लोगों ने गंवाई जान
सारण जिले के पानापुर में भोरहा पंचायत के जीपुरा में 3 अगस्त को दो लोगों की मौत हो गयी थी। चौबीस घंटे बीता भी नहीं था कि अगले ही दिन मकेर में सात लोगों की मौत हो गयी और फिर शुक्रवार को एक-एक कर छह लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
अब तक मरे लोग
(1) चंदन कुमार महतो पिता- पारस महतो (सोनहो भाथा)
(2) ओमनाथ महतो पिता- भरोस महतो
(3) कमल महतो पिता- काशी महतो
(4) धनीलाल महतो पिता-बिगन महतो
(5) राजनाथ महतो- पिता- पोषण महतो
(6) चन्देश्वर महतो पिता-रामायण महतो
(7) सकलदीप महतो पिता- भरोस महतो
(8) विश्वनाथ महतो पिता- अजोर महतो
(9) चन्देश्वर महतो पिता- बिलास महतो
(10) कामेश्वर महतो पिता- जयगोविन्द महतो
(11) लखन महतो पिता- जयगोविन्द महतो
(12) जितेन्द्र साह पिता- सत्यनारायण साह (संदिग्ध)
(13) नंदकिशोर साह पिता-जगन्नाथ साह (संदिग्ध)
शराब प्रकरण में कोई भी थानेदार या चौकीदार दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सारण डीआईजी पी कन्नन को छपरा,सीवान और गोपालगंज जिले में शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। छापेमारी अभियान में एसपी से लेकर चौकीदार तक को शामिल करने का टास्क सौंपा गया है।
– अमृत राज, आई जी, मद्यनिषेध