पटना: बिहार के प्रशासनिक महकमे से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. राज्य के 38 आईएएस अधिकारियों को मसूरी स्थित में विशेष प्रशिक्षण (Phase-3) के लिए नामित किया गया है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक पत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सूचित कर दिया है.
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से 2015 और 2016 बैच के आईएएस अधिकारी शामिल हैं. इनमें कई जिलों के जिलाधिकारी (DM) और विभिन्न विभागों में कार्यरत अपर सचिव स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं. यह प्रशिक्षण मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अधिकारियों की कार्यक्षमता और प्रशासनिक कौशल को और बेहतर बनाना है.
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 मई 2026 से शुरू होकर 5 जून 2026 तक चलेगा. इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 11 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है. इस कार्यक्रम में 2015 से 2018 बैच तक के अधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि उन्हें बदलते प्रशासनिक परिवेश के अनुरूप तैयार किया जा सके.
मसूरी में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नीति निर्धारण, सुशासन के आधुनिक तरीके, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में नई तकनीकों और विभिन्न राज्यों के सफल मॉडल्स (Best Practices) की जानकारी दी जाएगी. यह कार्यक्रम अधिकारियों को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने का एक महत्वपूर्ण चरण माना जाता है.
करीब 25 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के कारण बिहार के प्रशासनिक कामकाज पर भी आंशिक असर पड़ सकता है, क्योंकि कई वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान राज्य से बाहर रहेंगे. हालांकि, विभाग ने इसको लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं.
