भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला टीओपी के समीप पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। सघन चेकिंग अभियान के तहत एक टैंकर से 3773.625 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। शराब को भारत पेट्रोलियम के सफेद रंग के टैंकर में बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाकर ले जाया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो सके।

 

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भागलपुर की ओर से एक टैंकर में अवैध शराब लोड कर नवगछिया की दिशा में भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विक्रमशिला टीओपी के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।

 

जांच के दौरान एक संदिग्ध टैंकर को रोका गया। जब पुलिस ने टैंकर की बारीकी से तलाशी ली तो उसके अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल टैंकर को जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पहले भी शराब के अवैध कारोबार के मामले में जेल जा चुके हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि यह काम संगठित गिरोह के तहत किया जा रहा था।

 

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *