बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के सहरसा-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य पथ पर धकजरी मोड़ के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को रोककर लूटपाट की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशन कुमार सिंह, निवासी सरोजा रामपुर, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करते हैं। बताया जाता है कि वह दोपहर करीब एक बजे सिमरी बख्तियारपुर से सहरसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धकजरी मोड़ के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद 600 रुपये नगद, एक एंड्राइड मोबाइल फोन और हेडफोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी एक अज्ञात वाहन से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़ित से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही है।
इधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में लगातार दो घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस ताजा लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।






