पीएनबी के सीएसपी से हथियार के बल पर 2.07 लाख की दिनदहाड़े लूट, CCTV में कैद वारदात

गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत इमामगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र यानी सीएसपी से हथियार के बल पर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, इमामगंज थाना क्षेत्र के पकारडीह मेन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सीएसपी ब्रांच में बुधवार को दिन के समय तीन की संख्या में हथियारबंद अपराधी अचानक घुस आए। अंदर प्रवेश करते ही बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मी को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया।

 

इसके बाद अपराधियों ने काउंटर में रखी करीब 2 लाख 7 हजार रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश वहां से भाग निकले।

 

घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकती है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है ताकि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके।

 

इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की सख्त जरूरत है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन बदमाशों को पकड़ने में सफल होती है।

 

रिपोर्टर – कौसर आलम, शेरघाटी (बिहार)

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *