भागलपुर जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के 17 चलंत चापाकल मरम्मति दलों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। इन टीमों का उद्देश्य बंद पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कर लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के भागलपुर पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत जिले में कुल 18,448 चापाकल स्थापित हैं। इनमें से 16,327 चापाकल वर्तमान में चालू अवस्था में हैं, जबकि 2,121 चापाकल बंद पाए गए हैं। इन सभी खराब चापाकलों को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए 17 मरम्मति दलों को विभिन्न प्रखंडों में भेजा गया है।

 

उन्होंने बताया कि प्रत्येक दल के पास आवश्यक तकनीकी उपकरण और सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि मौके पर ही चापाकलों की मरम्मत की जा सके। इन टीमों में प्रशिक्षित तकनीकी कर्मी भी शामिल हैं, जो तेजी से काम करते हुए बंद चापाकलों को फिर से चालू करेंगे।

 

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर भी जारी किया गया है। यदि किसी क्षेत्र में चापाकल खराब है, तो लोग नियंत्रण कक्ष को फोन कर सूचना दे सकते हैं। इसके बाद मरम्मति दल को संबंधित स्थान पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

 

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अनुसार भागलपुर पश्चिमी प्रमंडल में कुल 8,122 चापाकल हैं, जिनमें से 7,162 चालू हैं और 960 चापाकल बंद पाए गए हैं। वहीं भागलपुर पूर्वी प्रमंडल में कुल 10,326 चापाकल हैं, जिनमें 9,165 चालू और 1,161 बंद हैं, जिनकी मरम्मत की जाएगी।

 

प्रशासन ने बताया कि लोक स्वास्थ्य प्रमंडल भागलपुर पूर्वी और पश्चिमी का नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 0641-2420097 और 0641-2420026 पर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेगा। इस पहल से जिले में पेयजल की समस्या को काफी हद तक दूर करने की उम्मीद जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *