सहरसा, 23.02.2026: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘जनता से संवाद’ कार्यक्रम में विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 17 मामलों की सुनवाई की गई। प्रशासन ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुनवाई के क्रम में सलखुआ निवासी श्री सुलो यादव ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। मामले के निष्पादन हेतु भूमि सुधार उप समाहर्ता, सिमरी बख्तियारपुर को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं महिषी निवासी श्री मुकेश मुखिया, श्री टुनटुन पासवान, श्री श्रवण राम एवं श्री मिथिलेश झा ने भू-अतिक्रमण से जुड़ा आवेदन दिया, जिस पर अंचलाधिकारी, महिषी को त्वरित जांच एवं निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त श्रीमती मंजू देवी, सहरसा तथा श्री कृष्णकांत पासवान द्वारा उठाए गए मामलों के समुचित निष्पादन के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता, सहरसा को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई प्रशासन की प्राथमिकता है।
यह कार्यक्रम ‘ईज ऑफ लिविंग’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में सहरसा जिला प्रशासन की ओर से उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री मृत्युंजय कुमार, अपर समाहर्ता श्री गणेश कुमार तथा प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत सहित जन शिकायत कोषांग से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि जनता से सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को अपनी शिकायतें रखने और उनका त्वरित समाधान पाने का अवसर मिलता रहे।
