लखीसराय से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट—जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र के खैरी गांव से एक 14 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता और अनहोनी की आशंका बनी हुई है।

 

लापता छात्र की पहचान सुधांशु कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, 17 मार्च की सुबह वह रोज की तरह घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो तेतरहाट थाना में इसकी सूचना दी गई।

 

परिजनों का कहना है कि सुधांशु का इस तरह अचानक लापता हो जाना बेहद चिंताजनक है। बीते पांच दिनों से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। इसी बीच परिजनों ने लखीसराय के एसडीपीओ शिवम् कुमार से मुलाकात कर अपने बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

 

एसडीपीओ शिवम् कुमार ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और जल्द ही छात्र को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन के साथ-साथ तकनीकी मदद भी ले रही है, ताकि छात्र का पता लगाया जा सके।

 

इस घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तेजी लाने की मांग की है। परिजनों की आंखें अपने बेटे के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में टिकी हुई हैं।

 

फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है, लेकिन हर गुजरते दिन के साथ परिजनों की बेचैनी और बढ़ती जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *