सहरसा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैजनाथपुर थाना पुलिस ने 126 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सौरबाजार की ओर से एक उजले रंग की टाटा बैलेनो कार, रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01ES0201, में भारी मात्रा में अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने एनएच-107 पर बैजनाथपुर चौक, पुराने थाना भवन के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेर लिया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
विधिवत तलाशी के दौरान कार की सीट और डिक्की से WISCOF ब्रांड के कोडीन युक्त कफ सिरप की पांच पीली बोरियां और दो कार्टन बरामद किए गए। जांच में कुल 126 लीटर कफ सिरप बरामद हुआ, जो NDPS एक्ट के तहत नियंत्रित श्रेणी में आता है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव कुमार और संदीप कुमार, दोनों निवासी मधेपुरा, के रूप में हुई है। इस संबंध में बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 20/2026 दिनांक 08.02.2026 को NDPS एक्ट की धारा 8/21(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।
