वैशाली जिले के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर में मंगलवार को जेडीयू नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पूजा-अर्चना की. उन्होंने पूरे विधि-विधान से बाबा हरिहरनाथ का अभिषेक कर राज्य में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
मंदिर पहुंचने पर निशांत कुमार का जेडीयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया. फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस दौरान मौजूद रहे. मंदिर परिसर में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला.
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि वे भगवान का आशीर्वाद लेने आए हैं. उन्होंने बताया कि करीब 20 साल पहले वे अक्सर इस मंदिर में आया करते थे. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने बाबा से क्या मांगा, तो उन्होंने सरल शब्दों में कहा— “सब बाबा की कृपा है.”
राजनीतिक सवालों पर भी उन्होंने संतुलित प्रतिक्रिया दी. जब उनसे पूछा गया कि यहां आने वाले नेता मंत्री बनते हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— “सब ठीक है, सब भगवान की कृपा है.” इस दौरान अपने पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का जिक्र करते हुए वे भावुक भी नजर आए.
निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने बिहार के विकास के लिए पिछले 20 वर्षों में बहुत काम किया है, जिसे जनता कभी नहीं भूलेगी. उन्होंने बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा कि जैसे उनके पिता को स्नेह और आशीर्वाद मिला, वैसा ही समर्थन उन्हें और उनकी पार्टी को भी मिलता रहे.
इधर, राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज है. नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की चर्चाएं चल रही हैं. ऐसे में निशांत कुमार को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें नई सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. कुछ कार्यकर्ता उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी कर रहे हैं.
हालांकि, इन अटकलों के बीच निशांत कुमार ने फिलहाल अपने बयान में आस्था और सादगी का संदेश ही दिया है.
