लंदन/भागलपुर, 31 अगस्त 2025 – विश्व प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, लंदन के केबले कॉलेज स्थित ओ’रियली हॉल में आयोजित 14वीं वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में अंग क्षेत्र के प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. अजयv कुमार सिंह को बेस्ट कम्युनिटी इंपैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह समिट 30 देशों के सामाजिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित हुई। इसमें चिकित्सा, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय 100 हस्तियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए चुना गया।
डॉ. सिंह, अपने चिकित्सकीय दायित्वों के साथ-साथ लगातार समाज सेवा में सक्रिय रहते हैं। वे जीवन जागृति सोसायटी के नेशनल प्रेसिडेंट, भागलपुर जिला शतरंज संघ और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष तथा रेड क्रॉस सोसायटी, भागलपुर के वाइस चेयरमैन हैं। साथ ही, वे इग्नू से समाज सेवा में पोस्ट ग्रेजुएशन भी कर रहे हैं।
समाजसेवा के उल्लेखनीय कार्य
डॉ. सिंह ने समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं, जिनमें प्रमुख हैं:
सड़क दुर्घटना, डूबने और आग लगने जैसी आपदाओं से बचाव एवं राहत कार्य।
सर्पदंश के मामलों में अंधविश्वास छोड़कर आधुनिक चिकित्सा अपनाने के लिए प्रेरित करना।
महिलाओं में कैंसर की समय पर पहचान के लिए जागरूकता अभियान।
हार्ट अटैक या एक्सीडेंट के बाद सीपीआर तकनीक सिखाना।
डॉ. सिंह ने बताया कि इस अवॉर्ड के लिए चयन प्रक्रिया में कई चरणों के ऑनलाइन इंटरव्यू देने पड़े। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, विशेषकर पत्नी शिखा सिंह, जीवन जागृति सोसायटी के सभी सदस्य और अंग क्षेत्र की जनता को दिया।
मेयर का संदेश
सम्मान समारोह में ऑक्सफोर्ड के मेयर लुईस अप्टन ने कहा – “अवेयरनेस ही बदलाव का सबसे बड़ा साधन है।” उन्होंने बिहार जैसे राज्य से वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए डॉ. सिंह को बधाई दी।
सम्मान स्वरूप डॉ. अजय सिंह को मोमेंटो मेडल और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का पिन प्रदान किया गया।