बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत अररिया और किशनगंज जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों जिलों को कुल 721 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का तोहफा मिलेगा। मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, साथ ही विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसंवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

 

समृद्धि यात्रा के पहले चरण में मुख्यमंत्री अररिया जिले पहुंचेंगे। यहां वे 331 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा 157 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 60 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं 58 करोड़ रुपये की लागत से दो नई योजनाओं का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत ढांचे और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री किशनगंज जिले का दौरा करेंगे। यहां वे 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 10 मार्च से समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत की है। यह चरण मधेपुरा से शुरू हुआ है और 14 मार्च तक चलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री हर दिन दो जिलों का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले समृद्धि यात्रा के पहले और दूसरे चरण में वे 12 जिलों का दौरा कर चुके हैं।

 

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री राज्यसभा जाने और मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले सभी 38 जिलों में समृद्धि यात्रा पूरी करना चाहते हैं। इसी को देखते हुए जिन जिलों में यात्रा बाकी है, वहां के जिलाधिकारियों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जा सके।

 

इस समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary और Vijay Kumar Sinha भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, डीजीपी और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *