बिहार के मोतिहारी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान अशोक कुमार सिंह (30 वर्ष) की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह 18 अप्रैल को ड्यूटी ज्वाइन करने की तैयारी में थे। अशोक पंजाब के फिरोजपुर में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे।

आज जब उन्हें अंतिम विदाई दी गई, तो पूरा गांव नम आंखों के साथ मौजूद रहा। हर चेहरा गमगीन था और माहौल बेहद भावुक हो गया। सेना की ओर से सूबेदार लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार के नेतृत्व में जवानों ने अशोक को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। तीन राउंड फायरिंग कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान हर कोई अपने आंसू नहीं रोक सका।

अशोक की पत्नी पूजा देवी सदमे में बार-बार बेहोश हो रही थीं। वहीं उनकी तीन साल की मासूम बेटी अनमोल कुमारी ‘पापा-पापा’ पुकारते हुए रो रही थी, जिसे देखकर मौजूद लोगों का दिल पसीज गया। अशोक अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनके छोटे भाई विमल कुमार ने बताया कि अशोक सबसे बड़े थे और सेना में नौकरी कर पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

गांव के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। पंचायत प्रतिनिधि रामविलास पासवान ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

अशोक की असमय मौत ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे शोक में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *