बिहार के मोतिहारी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गेहूं की फसल लूटने आए अपराधियों ने विरोध करने पर किसानों पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला पताही थाना क्षेत्र के खुटौना सरेह का है, जहां शुक्रवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने खेत में जमकर तांडव मचाया।

जानकारी के अनुसार, किसान बिजली सिंह अपने परिवार के साथ खेत में कटी हुई गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही सुनील कुमार सिंह अपने दर्जनों सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे और जबरन फसल लूटने लगे। जब किसानों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने फरसा और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

इस हमले में बिजली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अपराधियों ने फरसा से वार कर उनकी नाक काट दी, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, बीच-बचाव करने आए सुशील सिंह और धर्मेंद्र को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले मोतिहारी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिजली सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।

पीड़ित के पुत्र विकेश कुमार सिंह ने बताया कि वे पहले से ही फसल चोरी और जान का खतरा होने की आशंका जता चुके थे। उन्होंने तीन दिन पहले ही थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।

इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। पताही थाना प्रभारी बबन कुमार ने बताया कि यह दो पाटीदारों के बीच का विवाद है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *