बिहार के मोतिहारी जिले में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। चकिया थाना क्षेत्र स्थित गवंदरा इस्लामिया मदरसे में पुलिस ने बड़ी छापेमारी करते हुए एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में मदरसे से जुड़े तीन लोगों—मौलवी, केयरटेकर और सफाई कर्मचारी—को हिरासत में लिया गया है।

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त हो रही है और इसका कनेक्शन इस मदरसे से जुड़ा हो सकता है। इसके बाद एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसने मदरसे की घेराबंदी कर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियारों के अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान फॉरेंसिक टीम (FSL) और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस पूरे मामले के पीछे के नेटवर्क का खुलासा हो सके। हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्ध पिछले कई महीनों से मदरसे में रह रहे थे और फिलहाल उनसे गहन पूछताछ जारी है।

एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में इन लोगों के पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इसी मदरसे से पहले PFI के एक मुख्य आरोपी याकूब उर्फ उस्मान उर्फ सुल्तान को गिरफ्तार किया गया था। उस समय भी इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा हुआ था।

पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी बड़ी साजिश से जुड़ा हो सकता है। एहतियातन मदरसे को फिलहाल सील कर दिया गया है और परिसर में विस्फोटक या अन्य संदिग्ध सामग्री की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से इसकी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *