बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारू थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला सिपाही का शव उसके ही किराए के कमरे से बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जो वर्ष 2022 बैच की सिपाही थीं और मूल रूप से लखीसराय की रहने वाली थीं।
जानकारी के मुताबिक, प्रीति कुमारी अपने पति और एक साल के बच्चे के साथ पारू थाना के पास ही किराए के मकान में रहती थीं। मंगलवार की शाम करीब 4 बजे पारू थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि महिला सिपाही अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया गया है।
सरैया एसडीपीओ गरिमा कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को लखीसराय में सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शाम होते-होते महिला सिपाही की मौत की खबर फैल गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने कहा है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
