पटना में इन दिनों शतरंज का भव्य आयोजन हो रहा है, जहां देश-विदेश के खिलाड़ी अपनी रणनीति और चालों से मुकाबला कर रहे हैं। 25 मार्च से 29 मार्च तक पाटलिपुत्र इंडोर स्टेडियम में ‘बिहार ओपन फिडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसे बिहार का अब तक का सबसे बड़ा चेस रेटिंग टूर्नामेंट माना जा रहा है, जिसमें 650 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इस प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और अखिल बिहार चेस संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। पहले दिन ही 616 खिलाड़ियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को खास बना दिया। खिलाड़ियों के लिए भोजन और आवास की बेहतर व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि यह टूर्नामेंट राज्य में शतरंज के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। पहली बार इतने बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बिहार में एक साथ भाग ले रहे हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

इस प्रतियोगिता में अंडर-7, 9, 11, 13 और 15 आयुवर्ग के साथ-साथ ओपन ग्रुप के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि इस टूर्नामेंट का प्रमुख आकर्षण है। विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं। जिम्बाब्वे के इंटरनेशनल मास्टर मामोम्बे कुदजानी, नेपाल के चैंपियन रूपेश जायसवाल, रूस के ग्रैंड मास्टर पेत्र क्रियाकोव और भारत के ग्रैंड मास्टर नारायणन श्रीनाथ जैसे दिग्गज अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।

अखिल बिहार चेस संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता रोज सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बिहार में शतरंज को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *