पटना में स्वर्ण व्यवसायी से फिल्मी अंदाज में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 किलो 403 ग्राम सोना, 9 जिंदा कारतूस और 1 लाख 97 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

घटना 4 अप्रैल की है, जब क्षेत्र से एक स्वर्ण व्यवसायी टेंपो से बाकरगंज मंडी जा रहे थे। उनके पास करीब 14 किलो 900 ग्राम सोना एक बैग में था। रास्ते में अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर व्यवसायी को रोका और सोने सहित उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद अपराधी की ओर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर वेस्ट एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में एसआईटी और एसटीएफ के अधिकारी शामिल थे। तकनीकी जांच, लगातार निगरानी और छापेमारी के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने सरगना अमरनाथ उर्फ गोपी समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की पहचान आदित्य गिरी, सोनी और संजय कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी पटना और वैशाली जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि अमरनाथ इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जिसके पास से 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सोने का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस लूट की योजना अचानक नहीं बनाई गई थी। अपराधी करीब डेढ़ साल से व्यवसायी की रेकी कर रहे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *