बिहार की राजधानी पटना में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया ट्रैफिक पोस्ट के पास बीती रात पुलिस ने छापेमारी कर करीब 881 लीटर विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान एक एजेंट को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पिकअप वैन का चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:49 बजे करबिगहिया ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर एक संदिग्ध पिकअप वैन पर पड़ी। वाहन की गतिविधि असामान्य लगने पर उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद महिला ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर रिंकी कुमारी को गाड़ी में रखे कार्टनों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत जक्कनपुर थाने को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर थाने लाई। तलाशी के दौरान अलग-अलग कार्टनों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। जांच में पता चला कि शराब चंडीगढ़ निर्मित है और इसे बेहद शातिर तरीके से पैक किया गया था।

प्राथमिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस खेप को कूरियर सेवा के जरिए पटना लाया गया था। कार्टनों को ‘हाइड्रो केमिकल’ के नाम पर बुक किया गया था, ताकि किसी को शक न हो सके। पुलिस ने इस मामले में एक कूरियर कंपनी के कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मौके से धर्मेंद्र कुमार (23 वर्ष) नामक एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से भेजी गई और पटना में किन-किन जगहों पर इसकी सप्लाई होनी थी।

पटना पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *