बिहार के नालंदा जिले में शीतलाष्टमी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह भगदड़ मचने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सभी महिलाएं शामिल हैं, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार और शीतला अष्टमी के विशेष अवसर पर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी थीं। इसी दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ की स्थिति बन गई और कई लोग गिर पड़े, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मृतकों में से अब तक दो महिलाओं की पहचान हो पाई है। इनमें सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45) शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मॉडल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि शीतला अष्टमी के दिन इस मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन होता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और भक्त एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को भोग के रूप में अर्पित करते हैं। इसी वजह से हर साल यहां भारी भीड़ उमड़ती है।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही मृतकों के परिजनों को सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *