बिहार के गया जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा अफीम भी बरामद की है। जानकारी के मुताबिक तस्कर एक पिकअप वैन के जरिए करीब 230 किलो 800 ग्राम डोडा अफीम की खेप लेकर जा रहे थे, तभी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।

यह कार्रवाई गया के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर की गई। गुप्त सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने देर रात करीब 1 बजे मैगरा थाना क्षेत्र के सेवरा राज बांध के पास छापेमारी की। मौके से 15 बोरों में भरी अवैध अफीम, एक पिकअप वैन, चार बाइक और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मैगरा थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, मौके से कुल 10 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार और झारखंड दोनों राज्यों के लोग शामिल हैं, जिससे इस गिरोह के अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि जिस इलाके से अफीम बरामद की गई है, वहां पहले भी जंगलों में अफीम की खेती होती रही है। हालांकि पुलिस ने पहले सैकड़ों एकड़ में फैली अवैध खेती को नष्ट किया था, लेकिन आशंका है कि उसी क्षेत्र से यह खेप लाई जा रही थी।

इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जब्त अफीम की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है और इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *