बिहार के गया जिले में घरेलू गैस आपूर्ति में गड़बड़ी को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर शनिवार को मानपुर स्थित नारायणी इंडियन गैस एजेंसी और श्याम इंडियन गैस एजेंसी में औचक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में सदर एसडीओ, डीएसपी (विधि व्यवस्था) और जिला आपूर्ति पदाधिकारी की टीम शामिल रही।

छापेमारी के दौरान नारायणी इंडियन गैस एजेंसी में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों के सामने शिकायत की कि उनके मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज तो आ जाता है, लेकिन सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचता। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। एजेंसी के अनुसार 363 भरे हुए सिलेंडर होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर उतने सिलेंडर नहीं मिले। वहीं खाली सिलेंडरों की संख्या भी संदिग्ध रूप से अधिक पाई गई—जहां 137 खाली सिलेंडर होने चाहिए थे, वहां 486 खाली सिलेंडर मौजूद थे।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि एजेंसी प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे कालाबाजारी की आशंका गहराती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसी के मालिक के खिलाफ बोधगया थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं श्याम इंडियन गैस एजेंसी में भी अव्यवस्था देखने को मिली। यहां केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। कई लोगों ने शिकायत की कि केवाईसी प्रक्रिया में देरी हो रही है और डीएसी नंबर मिलने के बावजूद गैस की डिलीवरी समय पर नहीं हो रही। स्थिति को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने तुरंत अतिरिक्त काउंटर खोलने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने दोनों एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त की जाए। साथ ही पूरी व्यवस्था की निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *