भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले की नन्हीं प्रतिभा काव्या पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास रचते हुए जिले का नाम रोशन किया है। 12 जून 2025 को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित फिफ्थ माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए काव्या पाल ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि से ना सिर्फ जिले, बल्कि पूरे देश में गौरव और उत्साह की लहर दौड़ गई है।
काव्या पाल भागलपुर के बरारी पश्चिम टोला की निवासी हैं और माउंट कार्मेल स्कूल में कक्षा 2 की छात्रा हैं। मात्र 7 वर्ष की आयु में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। काव्या पाल की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बीते तीन वर्षों से रिदम डांस एकेडमी में आमिर सर के नेतृत्व में नृत्य का प्रशिक्षण लिया है।

काव्या की नृत्य यात्रा की शुरुआत जिला स्तर की प्रतियोगिता से हुई थी, जो बिहार स्टेट डांस स्पोर्ट्स यूनिट के भागलपुर जिला प्रभारी कुंदन सर के निर्देशन में नवगछिया में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में चयन के बाद काव्या ने राज्य स्तरीय मुकाबले में हिस्सा लिया, जो सूरज वर्मा (प्रभारी, बिहार स्टेट डांस स्पोर्ट्स यूनिट, जमुई) के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने जनवरी 2025 में राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया, जो गुजरात में आयोजित हुआ था।
अब काव्या पाल की नजरें दिसंबर 2025 में थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जिसके लिए उनका चयन हो चुका है। यह उनके करियर का एक और बड़ा पड़ाव साबित हो सकता है।
काव्या पाल के पिता आशीष पाल और माता ने उनकी इस सफलता पर हर्ष जताते हुए आमिर सर, कुंदन सर और सूरज वर्मा सर का विशेष आभार व्यक्त किया है। काव्या की अंतरराष्ट्रीय जीत के बाद उनके भागलपुर आगमन पर रिदम डांस एकेडमी की टीम, कोरियोग्राफर्स और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
काव्या पाल की यह जीत यह साबित करती है कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और मंच मिले, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने हुनर का परचम लहरा सकते हैं। भागलपुर जैसे शहर से निकलकर विश्व मंच पर गोल्ड मेडल जीतना आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
काव्या पाल का यह सफर पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है, और उम्मीद की जाती है कि वह आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छुएंगी।
अपना बिहार झारखंड पर और भी खबरें देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें