बिहार के कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगाढ़ा के पास एनएच-31 पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस ने पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस चालक भागने की कोशिश में आगे बढ़ा और सामने से आ रही पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में 35 से 40 लोग सवार थे, जो झारखंड से मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बस चालक नशे में था और बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को पूर्णिया रेफर किया गया है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की है। इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
फिलहाल, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
