अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के अस्थायी सीजफायर के ऐलान के बाद दुनिया भर में राहत का माहौल है. लंबे समय से जारी तनाव और टकराव के बीच आए इस फैसले ने लोगों के दिलों में शांति और अमन की नई उम्मीद जगा दी है. इस वैश्विक घटनाक्रम की गूंज बिहार के मुजफ्फरपुर में भी सुनाई दी, जहां लोगों ने खास अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की.
मुजफ्फरपुर शहर की सिया मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए. यहां लोगों ने इबादत कर अल्लाह का शुक्रिया अदा किया और देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी. इस मौके पर मस्जिद परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला. लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, गले मिलकर मुबारकबाद दी और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया.
इस दौरान सिया मस्जिद के इमामे जुम्मा मौलाना सादाब रहबर ने कहा कि यह किसी एक देश या मजहब की नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत की जीत है. उन्होंने कहा कि युद्धविराम का यह फैसला पूरी दुनिया के लिए राहत भरा है और इससे शांति की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा है.
मौलाना सादाब रहबर ने कहा, “हम सभी ने मिलकर अल्लाह का शुक्रिया अदा किया है. यह एक बहुत बड़ी राहत है. हमने इबादत कर दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी है. हमें उम्मीद है कि अब हालात बेहतर होंगे और लोगों को डर और हिंसा से राहत मिलेगी.”
वहीं, स्थानीय लोगों का भी मानना है कि इस सीजफायर का असर सिर्फ अंतरराष्ट्रीय राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम लोगों की जिंदगी पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. उनका कहना है कि जब दुनिया में शांति होगी, तभी विकास के रास्ते खुलेंगे और समाज आगे बढ़ेगा.
कुल मिलाकर, मुजफ्फरपुर में मनाया गया यह जश्न इस बात का प्रतीक है कि आम लोग हमेशा शांति और भाईचारे के पक्ष में खड़े रहते हैं.
