राजधानी में पटना अपराधियों के खिलाफ बिहार पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में एक वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ 13 मई को शिक्षक शंभू कुमार पर हुए जानलेवा हमले और लूटकांड से जुड़ी है। घटना के दिन शिक्षक सुबह स्कूल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें शिक्षक को दो गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों अपराधी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अपराधी संदीप उर्फ बदल के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी प्रिंस मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों का नाम शिक्षक लूटकांड में सामने आया है। इनके खिलाफ पहले से लूट, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पटना एसएसपी कार्तिक शर्मा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। घायल अपराधी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।


