apnabiharjharkhand

सहरसा में सर्पदंश से महिला मजदूर की मौत, इलाज से पहले टूटी सांसें

सहरसा जिले के विहरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के काटने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है।

 

मामला विहरा थाना क्षेत्र के खोनहा गांव का है, जहां 30 वर्षीय रिंकू देवी की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतका के पति का नाम सुनर यादव बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रिंकू देवी गांव के ही एक चिमनी भट्ठे पर मजदूरी का काम करती थी। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह काम पर गई थी। इसी दौरान काम करने के दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया।

 

सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगा। आसपास मौजूद मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में रिंकू देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सहरसा ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतका की मां वेचनी देवी ने बताया कि उनकी बेटी परिवार चलाने के लिए मेहनत मजदूरी करती थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

इधर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल के एक सहायक कर्मी ने बिना किसी औपचारिक प्रक्रिया और सूचना के शव को वाहन में रखकर घर भेज दिया। इसको लेकर परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।

 

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद विहरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *