बिहार के गया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान Surendra Prasad Yadav ने ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। राजद सांसद ने कहा कि अगर भारत और अमेरिका के बीच लड़ाई हुई, तो एक महीने के अंदर लोग ‘जय श्रीराम’ बोलना भूल जाएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि लोगों को अपने स्वर्गवासी परिजनों की भी याद आने लगेगी। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, सुरेंद्र यादव गया शहर के केदारनाथ मार्केट स्थित द मगध को-ऑपरेटिव बैंक परिसर में आयोजित पूर्व विधायक विनय यादव के पिता और बैंक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय उमेश कुमार वर्मा की तीसरी पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई और सहकारिता व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने दावा किया कि को-ऑपरेटिव सेक्टर को पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने से हालात और बिगड़ सकते हैं। इसी दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अगर ऐसी स्थिति बनी तो देश की जनता धार्मिक नारों से ज्यादा रोजमर्रा की परेशानियों और आर्थिक संकट को याद करेगी।
सांसद ने आगे कहा कि संसद में बैठकर वे देश की असली स्थिति देख रहे हैं। उनके मुताबिक हालात ऐसे हो गए हैं कि बड़े नेता भी पैदल, टेंपो और साइकिल से चलने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आर्थिक संकट को कैंसर जैसी गंभीर समस्या बताते हुए मजबूत आर्थिक नीति की जरूरत पर जोर दिया।
बता दें कि सुरेंद्र प्रसाद यादव जहानाबाद से राजद सांसद हैं और Lalu Prasad Yadav के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। वे आठ बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में सहकारिता तथा आबकारी मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।


