सहरसा पुलिस को नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए 205.469 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं मौके का फायदा उठाकर एक पुरुष आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सहरसा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 मई 2026 को सदर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रशांत टॉकीज के पास एक महिला और एक पुरुष पुलिस वाहन को देखकर रेलवे ट्रैक की ओर तेजी से भाग रहे हैं।
सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस टीम ने दोनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान पुरुष आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि महिला के हाथ में मौजूद संदिग्ध वस्तु को उसने रेलवे ट्रैक की ओर फेंक दिया।
मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने रेलवे ट्रैक के पास फेंकी गई वस्तु की तलाशी ली, जहां से एक लेडीज बैग बरामद हुआ। बैग की जांच करने पर उसमें दो उजले प्लास्टिक पैकेट मिले, जिनमें स्मैक जैसा पदार्थ रखा हुआ था। पूछताछ के दौरान महिला ने बरामद पदार्थ को स्मैक होना स्वीकार किया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 का पालन करते हुए सदर अंचलाधिकारी की उपस्थिति में महिला की तलाशी ली। बरामद दोनों पैकेटों का डिजिटल तराजू से वजन करने पर कुल 205.469 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 555/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) और 21(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक अमित रंजन, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।


