बिहार में दो तरह का मौसम बना हुआ है। उत्तर बिहार में पुरवा का प्रवाह और सीमांचल में आंधी-पानी की गतिविधियां बनी हुई हैं। जबकि पछुआ के प्रवाह से दक्षिण बिहार के जिले विशेषकर दक्षिण पश्चिम बिहार फिर से भीषण गर्मी की चपेट में है। रविवार को राज्य के सात जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। इनमें से तीन जिलों में अधिकतम पारा 45 के पार रहा और इस सीजन में सबसे अधिक गर्मी महसूस की गई। 

राज्य भर में सबसे गर्म औरंगाबाद रहा, जहां 46.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतास के डेहरी में 45.8 डिग्री, गया में 45.6 डिग्री, जमुई में 42 डिग्री, बक्सर में 42.8 डिग्री, नवादा में 43.1, बांका में 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सीवान, समस्तीपुर, नालंदा, भागलपुर, सबौर को छोड़ शेष भागों के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। सबसे अधिक 4.1 डिग्री की बढ़ोतरी औरंगाबाद में दर्ज की गई। गया में इस सीजन का सबसे अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया जबकि रोहतास में दर्ज अधिकतम पारा भी इस साल का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले पिछले महीने बक्सर का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में इन जिलों में तापमान में गिरावट के आसार हैं। 

दक्षिण बिहार में अधिकतर जगहों पर पछुआ के कारण मौसम शुष्क हुआ है। पटना के वातावरण में उमस बढ़ने से रविवार को भी लोग पसीने से तरबतर होते रहे। यहां पुरवा और पछुआ का मिलन हो रहा है इस वजह से पसीने वाली गर्मी और दोपहर में पारा चढ़ा हुआ रह रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को उत्तर बिहार के आठ जिलों पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार में बिजली चमकने, मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम स्तर के बारिश का पूर्वानुमान है। जबकि प्रदेश के दक्षिणी भागों में पारे में आंशिक उतार चढ़ाव देखा जा सकता है।

उत्तर पश्चिम ट्रफ-लाइन बिहार से दक्षिण तमिलनाडु तक उत्तर छत्तीसगढ़, तेलंगाना से होते हुए गुजर रही है। जिसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पूर्व जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इन सभी मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया। इन स्थानों पर हवा की गति 8-10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने के आसार हैं। वहीं प्रदेश के शेष हिस्सों का मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के तापमान में 48 घंटे के बाद क्रमिक गिरावट के आसार हैं। 

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतर जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान किशनगंज के ठाकुरगंज में सर्वाधिक बारिश 43.8 मिमी दर्ज किया गया। सिकटी (अररिया) में 36.4 मिमी, तैयबपुर (किशनगंज) में 26.4 मिमी, गलगलिया (किशनगंज) में 22.4 मिमी, बहादुरगंज (किशनगंज) में 15.4 मिमी, अररिया में 12 मिमी और चरघरिया (किशनगंज)में 9.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *