शामपुर थाना के बनारसी बासा महादलित टोला के पास शनिवार की सुबह यात्रियों से भरी एक टाटा-407 पलट गया। वाहन पर सवार रेल कारखाना जमालपुर के रेलकर्मी सुखदेव टूडु (50) की मौत हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा यात्री जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए खड़गपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

दरअसल, यात्रियों को लेकर टाटा-407 वाहन खड़गपुर से बरियारपुर जा रहा था। बनारसी बासा के पास चालक वाहन को रोककर यात्री को उतार रहा था। इस बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ने वाहन को धक्का मार दिया। वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया।

घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। यात्री किसी तरह वाहन से निकले। सूचना मिलने के बाद शामपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद आसपास के लोग भी पहुंच गए और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। धक्का मारने के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *