भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भुराहा चौक पर शनिवार सुबह एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो अपने घर पर ही जनरल स्टोर और चाट-चाउमिन की दुकान चलाता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। घायल राहुल कुमार ने जगदीशपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अहले सुबह करीब तीन बजे अपनी दुकान में सोया हुआ था। इसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर एक अनजान युवक ने उससे ठंडा पानी मांगा। राहुल ने उसे पानी दिया, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
करीब दस मिनट बाद वही युवक दोबारा दुकान पर पहुंचा और कुछ सामान मांगने लगा। राहुल ने उसे सामान दिया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अभी दुकान खुलने का समय नहीं हुआ है और जो भी सामान लेना हो, एक बार में बता दे। इसके बाद युवक कुछ सामान लेकर चला गया।
पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद वह युवक तीसरी बार वापस आया और सामान बदलने की जिद करने लगा। तब तक सुबह हो चुकी थी और आसपास लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। राहुल दुकान खुला छोड़ सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी ने अचानक उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा।
राहुल ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाता, आरोपी ने दोबारा हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसके हाथ में भी चाकू लग गया। इसके बाद राहुल ने पास में रखा सामान उठाकर प्रतिरोध किया तो आरोपी वहां से भाग निकला। भागते समय आरोपी अपना बैग घटनास्थल पर ही छोड़ गया।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें मिले आधार कार्ड से आरोपी की पहचान सक्षम कुमार, पिता सुरेश साह, निवासी तगेपुर के रूप में हुई है। घायल राहुल कुमार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


