जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई को साइबर ठगी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार साइबर अपराध थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में कुछ लोग संगठित तरीके से साइबर ठगी के अवैध कारोबार को संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ गांव और नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास नामक पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी के धंधे में सक्रिय थे और लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाने का काम करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जाता था।
जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और कार्ड बंद होने का डर दिखाकर ओटीपी और बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद PhonePe और Google Pay जैसे माध्यमों से खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे। कई बार आरोपी बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर भी लोगों को फर्जी लिंक भेजकर ठगी करते थे।
फिलहाल साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा


