apnabiharjharkhand

भागलपुर में महिला ने घर में घुसकर गलत काम की कोशिश का लगाया आरोप, चार आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े

भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला ने घर में घुसकर गलत काम करने की कोशिश और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसका देवर चार साथियों के साथ जबरन घर में घुस गया और विरोध करने पर उसके साथ बदसलूकी की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

घटना बरारी थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थी जबकि उसके दोनों बच्चे घर के अंदर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान उसका देवर अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और घर में लगे बंद ताले को तोड़कर जबरन अंदर घुस गया। ताला टूटने की आवाज सुनकर महिला जब घर की ओर दौड़ी, तब तक सभी आरोपी घर में प्रवेश कर चुके थे।

 

महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि अनवर नामक युवक ने उसका हाथ पकड़कर कमरे में ले जाने की कोशिश की तथा उसके कपड़े खींचते हुए गलत काम करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने चार लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

 

सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गई। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सुमित मंडल से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद पति अक्सर अपनी मां के कहने पर उससे झगड़ा करता था। लगभग पांच महीने पहले पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर चले गए थे।

 

महिला मूल रूप से खगड़िया जिले की रहने वाली है। उसने बताया कि वह पिछले 5 फरवरी से उक्त घर में रह रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अनवर पहले भी उसे धमकी दे चुका था। महिला ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *